UP Pre Primary School Closed: भीषण ठंड के चलते यूपी में प्री-प्राइमरी बच्चों की छुट्टियां, 31 दिसंबर तक छुट्टी

UP Pre Primary School Closed: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है , शीतलहर का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर पड़ता है, इसी को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में प्री-प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। हाल ही में रामपुर और बलरामपुर जिले से इस संबंध में नए आदेश जारी किए गए हैं, जिससे अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।

रामपुर में 31 दिसंबर तक आंगनबाड़ी बच्चों की छुट्टी

रामपुर जिले में अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले 3 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों के लिए 31 दिसंबर 2025 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश जिला अधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें ठंड में घर से बाहर न निकलना पड़े। हालांकि इस अवधि में आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहेंगे और कार्यकर्ता केंद्र पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्य नियमित रूप से करती रहेंगी।

बलरामपुर में 15 जनवरी 2026 तक लंबा अवकाश

बलरामपुर जिले में ठंड की स्थिति और भी गंभीर मानी जा रही है। इसी कारण प्रशासन ने 20 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक प्री-प्राइमरी बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कड़ाके की ठंड में छोटे बच्चों को केंद्र पर बुलाना उनके स्वास्थ्य के लिए उचित नहीं है। यहां भी छुट्टी सिर्फ बच्चों के लिए लागू होगी, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं तय समय पर केंद्र खोलकर सभी विभागीय कार्य करती रहेंगी।

अन्य जिलों में भी बढ़ सकती हैं छुट्टियां

प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में अन्य जिलों के प्री-प्राइमरी, प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों की छुट्टियां भी बढ़ाई जा सकती हैं। हालांकि फिलहाल इसको लेकर कोई राज्य स्तरीय आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, इसलिए अभिभावकों को अपने जिले की प्रशासनिक अधिसूचना पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

अभिभावकों को मिली राहत

लगातार गिरते तापमान के बीच छोटे बच्चों की छुट्टी होने से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। बच्चों को सुरक्षित घर पर रखना इस मौसम में बेहद जरूरी है। हालांकि छुट्टियों के दौरान भी पोषण आहार वितरण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, गृह भ्रमण और अन्य योजनाओं का कार्य जारी रहेगा, जिसे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित रूप से पूरा करेंगी।

Leave a Comment