PM Awas List 2025-26 : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सरकार ने आवास प्लस-2024 में शामिल परिवारों के लिए बड़ा कदम उठाया है। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और सही लाभार्थियों तक मदद पहुंचाने के उद्देश्य से अब भौतिक सत्यापन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस सत्यापन के बाद अपात्र पाए गए परिवारों के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे।
घर-घर जाकर होगी जांच
जिला प्रशासन की ओर से गठित विशेष टीमें हर पंचायत में घर-घर जाकर लाभार्थियों की पात्रता की जांच करेंगी। इस दौरान परिवारों के दस्तावेज, वर्तमान आवास की स्थिति, आय से जुड़े तथ्य और अन्य निर्धारित मानकों का सत्यापन किया जाएगा। अपलोड की गई सूची में शामिल सभी परिवार इस जांच के दायरे में आएंगे।
54 हजार से ज्यादा परिवारों का होगा सत्यापन
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्लस ऐप 2024 के माध्यम से किए गए सर्वे में 54704 परिवारों को शामिल किया गया था , शासन के निर्देश पर अब इन सभी का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजना का लाभ केवल पात्र लोगों को ही मिले।
जिला और ब्लॉक स्तर पर गठित होंगी टीमें
सरकार ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद ब्लॉक स्तरीय टीमें गठित की जाएंगी, जो गांव-गांव जाकर सत्यापन करेंगी।
परियोजना निदेशक डीआरडीए राम औतार सिंह के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया विभागीय गाइडलाइन के अनुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
अपात्रों को नहीं मिलेगा लाभ
जांच में अपात्र पाए गए परिवारों को किसी भी परिस्थिति में योजना का लाभ नहीं मिलेगा। उनके नाम सूची से हटाकर नई पात्र सूची तैयार की जाएगी। यह कदम योजना को सही दिशा में ले जाने और जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के लिए अहम माना जा रहा है।