Anganbadi Workers Salary: सहारनपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने मानदेय को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की है, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए 30 हजार रुपये मासिक वेतन और राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने सरकार को प्रार्थना पत्र भी भेजा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें पिछले कई वर्षों से बेहद कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मौजूदा मानदेय मनरेगा मजदूरों से भी कम है, जो उनके साथ अन्याय है।
कई जिम्मेदारियों का निभाती हैं दायित्व
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्टाहार वितरण, सर्वे रिपोर्ट तैयार करना, गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पोलियो उन्मूलन अभियान और बीएलओ जैसे अहम कार्य करती हैं। इन सभी जिम्मेदारियों के बावजूद उन्हें आर्थिक रूप से संघर्ष करना पड़ रहा है।
महंगाई में मुश्किल हुआ जीवन
कार्यकर्ताओं ने बताया कि बढ़ती महंगाई के बीच कम मानदेय में परिवार चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।