Contract Employee Salary Hike | MP News: मध्य प्रदेश के संविदा कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है , राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) मध्यप्रदेश के तहत कार्यरत कर्मचारियों को अब स्थायित्व और बेहतर सुविधाएं मिलने जा रही हैं। राज्य सरकार ने संविदा कर्मियों के हित में नया एचआर मैनुअल लागू कर दिया है, जिसके तहत हर साल वेतनवृद्धि, स्थानांतरण और अनुकंपा नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
लागू हुआ नया HR मैनुअल, संविदा कर्मियों को मिलेगा फायदा
एनएचएम द्वारा जारी किए गए नए HR Manual में कई कर्मचारी हितैषी बदलाव शामिल किए गए हैं। अब संविदा कर्मचारियों को हर साल अनुबंध का नवीनीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही उन्हें कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) के आधार पर वार्षिक वेतनवृद्धि भी दी जाएगी, जिससे महंगाई का असर कम होगा।
संविदा कर्मचारियों को मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं
नए एचआर मैनुअल के तहत संविदा कर्मियों को ये बड़े लाभ मिलेंगे
- हर साल वार्षिक वेतनवृद्धि का प्रावधान।
- हर वर्ष संविदा नवीनीकरण की बाध्यता खत्म।
- जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा जिले के भीतर स्थानांतरण की सुविधा।
- सेवा के दौरान मृत्यु होने पर अनुकंपा नियुक्ति या अनुग्रह राशि का विकल्प।
इन्हें भी पढ़ें – EPFO Employee गुड न्यूज : करोड़ों कर्मचारियों को बड़ी राहत, मार्च 2026 से पहले मिलेगा EPF से जुड़ा बड़ा तोहफा
32 हजार से अधिक कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश के अंतर्गत 32,000 से अधिक संविदा कर्मचारी विभिन्न संवर्गों में कार्यरत हैं। लंबे समय से इन कर्मचारियों द्वारा यह शिकायत की जा रही थी कि उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिलतीं , इन सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मिशन डायरेक्टर सलोनी सिडाना के निर्देश पर नया HR मैनुअल तैयार कर उसे लागू किया गया है।
एनएचएम ने दी प्रदेश की पहली अनुकंपा नियुक्ति
एनएचएम ने संविदा कर्मचारियों के लिए अनुकंपा नियुक्ति की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। पहले आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में केवल अनुग्रह राशि देने का प्रावधान था, लेकिन अब मृतक कर्मचारी के आश्रित सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति या अनुग्रह राशि में से किसी एक को चुनने का अधिकार मिलेगा।
अनुकंपा नियुक्ति के लिए सक्षम अधिकारी , मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश
पात्रता के आधार पर आश्रित सदस्य को दिया जाएगा पद
हाल ही में जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ में संविदा एएनएम की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनकी आश्रित पुत्री को संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किया गया। यह प्रदेश की पहली अनुकंपा नियुक्ति है, जिसे एनएचएम के तहत दिया गया है।
संविदा कर्मियों के लिए ऐतिहासिक फैसला
यह फैसला संविदा कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक और राहत भरा माना जा रहा है , इससे न सिर्फ आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि नौकरी में स्थायित्व और सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। आने वाले समय में यह कदम अन्य विभागों के संविदा कर्मियों के लिए भी मॉडल पॉलिसी बन सकता है।